सफेमा एक्ट के तहत गांजा तस्कर की 2.32 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, बैंक खाते भी फ्रीज
रायपुर, 25 जून (हि. स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्कर हेमराज राव की करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। सफेमा एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई में आरोपित की अचल संपत्तियों के साथ-साथ बैंक खातों में जमा लाखों रुपये की राशि भी फ्रीज कराई गई है। कुल 2 करोड़ 32 लाख 11 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना उरला में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में 9 दिसंबर 2025 को थाना उरला पुलिस ने अछोली बिरई तालाब के पास से हेमराज राव निवासी अछोली, थाना उरला को गिरफ्तार किया था। आरोपित के कब्जे से 1.390 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था।
पुलिस जांच में आरोपित की लगातार नारकोटिक एक्ट से जुड़े मामलों में संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई, जिसके तहत वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।
थाना प्रभारी उरला द्वारा गांजा तस्करी एवं अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के संबंध में प्रतिवेदन सफेमा न्यायालय को भेजा गया था। न्यायालय के आदेश पर आरोपित हेमराज राव एवं उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्तियों को जब्त करने के साथ ही बैंक खातों में जमा राशि को भी फ्रीज किया गया।
उरला मुख्य मार्ग स्थित वार्ड क्रमांक 8 में आरोपित का आवासीय मकान, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।
आरोपित की पत्नी अनीता राव के नाम ग्राम अछोली में पंजीकृत तीन भूमि, कुल क्षेत्रफल 914 वर्ग मीटर, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ 54 हजार रुपये है। आरोपित के नाम दर्ज दोपहिया वाहन, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये है।
आरोपित के बैंक खातों में जमा कुल 30 लाख 67 हजार रुपये की राशि को होल्ड एवं फ्रीज कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

