गांजा बिक्री की फिराक में घूम रहे दो आरोपित गिरफ्तार, 1.69 लाख रुपये का गांजा जब्त
रायपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। राजधानी पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। थाना आजाद चौक पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 3.380 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1.69 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को थाना आजाद चौक पुलिस को सूचना मिली थी कि, ईदगाहभाठा स्थित मैदान के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने थाना प्रभारी आजाद चौक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम रहमु खान और ईकबाल खान उर्फ इद्दु, निवासी ईदगाहभाठा, थाना आजाद चौक, रायपुर बताया।
पुलिस टीम ने आरोपितों के पास रखे थैले की तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ। आरोपितों के कब्जे से कुल 3.380 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 163/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी), 29 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

