home page

4.24 करोड़ के गांजा मामले में फरार आरोपित कटनी से गिरफ्तार, जयनगर पुलिस की कार्रवाई

 | 
4.24 करोड़ के गांजा मामले में फरार आरोपित कटनी से गिरफ्तार, जयनगर पुलिस की कार्रवाई


सूरजपुर, 25 अगस्त (हि.स.)।सूरजपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच जयनगर पुलिस ने 4.24 करोड़ रुपये कीमत के गांजा जब्ती मामले में फरार एक और आरोपित को मध्यप्रदेश के कटनी जिले से गिरफ्तार किया है। आज मंगलवार को पुलिस ने बताया कि आरोपित जाजोन पारधी को बरही क्षेत्र में दबिश देकर पकड़ा गया। इस मामले में पूर्व में 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर 848 किलो 650 ग्राम गांजा और परिवहन में प्रयुक्त बस जब्त की जा चुकी है।

दरअसल, 4 जून 2026 को जयनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर से मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रही नीलम बस क्रमांक CG 15 EH 4301 में कुछ लोग बोरियों और कपड़े में बंधी गठरियों के भीतर गांजा लेकर जा रहे हैं। गठरियों के ऊपर पहचान छिपाने के लिए झाड़ू भी बांधे गए थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिलफिली में बस को रोककर जांच की।

जांच के दौरान बस में चालक के अलावा छह महिलाएं मिलीं। बस की लोअर सीट और ऊपर की स्लीपर सीटों में रखी 53 बोरियों एवं कपड़े में बंधी गठरियों की तलाशी लेने पर कुल 848 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ 478 नग झाड़ू, परिवहन में प्रयुक्त बस और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया था।

मामले में गोल झरनी, उनर बाई, रूजीना, अटरिया, अन्टबाई, पेहरी बाई और बस चालक छोटन राम को गिरफ्तार किया गया था। सभी के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 20(II)(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई थी।

मामले में फरार आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा लगातार जांच की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जयनगर पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से फरार आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान आरोपित जाजोन पारधी के मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही क्षेत्र में होने की जानकारी मिली।

सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम कटनी रवाना हुई। ग्राम खिरहनी, थाना बरही, जिला कटनी में घेराबंदी कर आरोपित जाजोन पारधी पिता कदम पारधी, उम्र 39 वर्ष, निवासी खिरहनी, थाना बरही, जिला कटनी को पकड़ा गया। पुलिस ने न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपित को थाना जयनगर लाया।

पूछताछ में आरोपित द्वारा मामले में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद उसे 24 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में इण्ड-टू-इण्ड विवेचना जारी है और फरार अन्य की भी तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, एसआई सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक रजिन्दर एक्का, आरक्षक जितेन्द्र साहू और हरि सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय