home page

रायपुर : चौदह किलो से अधिक गांजा के साथ उत्तरप्रदेश का युवक गिरफ्तार

 | 
रायपुर : चौदह किलो से अधिक गांजा के साथ उत्तरप्रदेश का युवक गिरफ्तार


रायपुर, 9 अगस्त (हि.स.)। सूखे नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत टिकरापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.828 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, रावणभाठा मैदान, भाठागांव के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिन्सन गुड़िया के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देशन में थाना टिकरापारा की विशेष टीम गठित की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14.828 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान शोएब मलिक (26), पिता मिट्टन, निवासी पूर्वी मुस्तफाबाद, लोनी देहात, थाना लोनी, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 715/2026, धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर आज रविवार काे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर