जोरा ओवरब्रिज पर गांजे की डील से पहले पुलिस की दबिश, 2.961 किलो गांजा के साथ दो आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 8 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर से लगे जोरा ओवरब्रिज के पास गांजा बेचने की तैयारी कर रहे दो आरोपितों को तेलीबांधा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने दबोच लिया। आरोपितों के पास से तीन पैकेट में 2.961 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा ले जाने में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त किया है।
दरअसल, 7 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि, जोरा ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड पर दो युवक गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तेलीबांधा पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान दिनेश ध्रुव (23), निवासी नवागांव, थाना मंदिर हसौद और कोमल धीवर (29), निवासी काशीराम नगर, थाना तेलीबांधा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास मौजूद पीले रंग के थैले से तीन पैकेट गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 2.961 किलोग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके से मोटरसायकिल भी जब्त किया।
दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 341/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि, गांजा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

