home page

मालवाहक लॉरी से 50 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार

 | 

जलपाईगुड़ी, 05 अक्टूबर (हि.स.)।गांजे की तस्करी की कोशिश को भोरेर आलो थाने की पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने करीब 50 किलो गांजा बरामद करते हुए लॉरी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान जहानुर अली मियां के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी-जलगाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजगंज के बंधुनगर इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध मालवाहक लॉरी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान लॉरी के केबिन के ऊपर बने सामान रखने वाले कैरियर में चार नीले रंग के बैग मिले। इन बैगों में विशेष तरीके से छिपाकर रखा गया करीब 50 किलो गांजा बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि गांजे को कूचबिहार से सिलीगुड़ी होते हुए दूसरे राज्य में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गांजे के साथ लॉरी को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित को सोमवार को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार