220.100 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार
सुपौल, 15 सितंबर (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए 220.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा सफेद रंग की क्रेटा कार से ले जाया जा रहा था। पुलिस को देखते ही कार सवार दो तस्कर वाहन छोड़कर खेत की ओर भाग निकले। पुलिस ने गांजा लदी क्रेटा कार (BR01EY9705) जब्त कर ली है। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष रोशन कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-27 स्थित बेलही पुल के पास वाहन जांच शुरू की थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही क्रेटा कार पुलिस को देखकर पुल से करीब 100 मीटर पहले रुक गई। कार में बैठे दोनों व्यक्ति उतरकर धान के खेत और अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो बीच की सीट और डिक्की से आठ प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए। तलाशी के दौरान राहगीरों ने जब्ती प्रक्रिया में गवाह बनने से इनकार कर दिया। इसके बाद सिपाही 825 मणीशंकर कुमार और महिला सिपाही 127 प्रिया सिंह को विधिवत साक्षी बनाया गया।
अंचलाधिकारी प्रतापगंज कुमार विकास की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गांजे का वजन कराया गया। आठों बोरों से क्रमशः 32.350, 32.540, 32.580, 32.570, 32.450, 20.240, 21.180 और 16.130 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 220.100 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए जब्ती सूची तैयार की। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि नरपतगंज की ओर से सफेद रंग की क्रेटा कार से गांजा राघोपुर की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बेलही पुल के पास वाहन जांच शुरू की गई थी। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 88 लाख रुपये बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों और वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वाहन मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

