झाबुआ: नशे की जड़ पर झाबुआ पुलिस का कड़ा प्रहार; ₹9 करोड़ मूल्य के गांजे के पौधे बरामद
झाबुआ, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नशे की जड़ पर झाबुआ पुलिस द्वारा कड़ा प्रहार करते हुए ₹9 करोड़ मूल्य के गांजे के पौधे बरामद किए गए हैं।
मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य इस जिले की चौकी पारा क्षेत्र के ग्राम कलमोड़ा में पहाड़ी, तलहटी एवं दुर्गम क्षेत्रों में अवैध रूप से की जा रही अवैध गांजा खेती के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 15,609 गांजे के पौधे बरामद किए गए हैं। बरामद पौधे 99 क्विंटल से भी अधिक है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 9 करोड़ 42 लाख रुपये है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने गुरुवार को बताया कि भारत सरकार द्वारा 'नशा मुक्त भारत' अभियान के तहत मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना के निर्देशन में प्रदेश के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त सिंडिकेट को ध्वस्त करने, नशीले पदार्थों की अवैध खेती एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा इस कारोबार में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने बताया कि चौकी पारा एवं थाना कोतवाली पुलिस टीम को ग्राम कलमोड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी, सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम (एसडीओपी झाबुआ श्रीमती मोनिका सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक आर. सी. भास्करे, चौकी प्रभारी पारा निरीक्षक पल्लवी भाबर, थाना प्रभारी राणापुर निरीक्षक कैलाशचन्द्र सिर्वी, थाना प्रभारी कालीदेवी उपनिरीक्षक रामसिंह चौहान,व एवं राजेन्द्रसिंह भदोरिया, एस ए एफ बटालियन निर श्रीराम मण्डलोई, चौकी प्रभारी पिटोल उपनिरीक्षक. अशोक बघेल) गठित कर संबंधित स्थानों पर दबिश दी गई। उक्त कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के पौधे बरामद करते हुए तीन पृथक प्रकरण पंजीबद्ध कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
एसपी के अनुसार, चौकी पारा क्षेत्र के ग्राम कलमोड़ा में पहाड़ी, तलहटी एवं दुर्गम क्षेत्रों में कपास की फसल के बीच में अवैध गांजा खेती की जा रही थी, जिसके विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 15,609 गांजे के पौधे, कुल वजन 99 क्विंटल 16 किलो 427 ग्राम तथा अनुमानित कीमत ₹9,42,01,430/- (लगभग 9 करोड़ 42 लाख रुपये) के पौधे जब्त किए गए हैं।
पुलिस द्वारा जिन आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उनके नाम हैं- वेलसिंह पिता मोहरिया डामोर निवासी ग्राम कलमोडा, भमरसिंह पिता मोहरिया डामोर निवासी ग्राम कलमोडा और बापू पिता मोहरिया डामोर निवासी ग्राम कलमोडा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

