home page

कपास और तुअर की फसल के बीच हो रही थी गांजे की खेती, पुलिस ने 1284 पौधे जब्त किए

 | 
कपास और तुअर की फसल के बीच हो रही थी गांजे की खेती, पुलिस ने 1284 पौधे जब्त किए


धार, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत अवैध गांजे की खेती के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 1,284 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 969.335 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य एक करोड़ 57 लाख 12 हजार रुपये बताया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में हुई पहली कार्रवाई में थाना टांडा पुलिस ने ग्राम जाली में दबिश देकर कपास के खेत से गांजे के 1,134 पौधे बरामद किए। इनका वजन 518.335 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ तीन लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

इसी तरह थाना मनावर की उमरबन चौकी पुलिस ने ग्राम करौंदिया खुर्द में कार्रवाई कर खेत से गांजे के 150 पौधे जब्त किए। ये पौधे कपास और तुअर की फसल के बीच उगाए जा रहे थे। इनका कुल वजन 451 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 54 लाख 12 हजार रुपये है। पुलिस ने इस मामले में भी आरोपित को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

मध्य प्रदेश पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, तस्करी और वितरण से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी है। कार्रवाई में अवैध खेती के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की पहचान कर इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध भी वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा