home page

रायपुर : रेलवे भर्ती बोर्ड ऑनलाइन परीक्षा में नकल करते अभ्यर्थी गिरफ्तार

 | 
रायपुर : रेलवे भर्ती बोर्ड ऑनलाइन परीक्षा में नकल करते अभ्यर्थी गिरफ्तार


रायपुर, 16 जुलाई (हि. स.)। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करने के आरोप में थाना डी.डी. नगर पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया है।

गुरुवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित रेलवे भर्ती बोर्ड की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की द्वितीय पाली के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। विशेष निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की जांच में पाया गया कि अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का उपयोग कर रहा था तथा कम्प्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के फोटो ले रहा था।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि, उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था और उसी के माध्यम से परीक्षा के दौरान प्रश्नों के फोटो लिए। बरामद मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों के फोटो मिले, जो स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाते पाए गए।

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान अफताब (28) पिता गुलाम मोहम्मद, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर