केनरा बैंक के एटीएम में चोरी का प्रयास: गैस कटर से मशीन को पहुंचाया नुकसान
जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। जयपुर के कोटखावदा थाना क्षेत्र के गरुडवासी गांव में अज्ञात बदमाशों ने केनरा बैंक के एटीएम में चोरी का प्रयास किया। बदमाशों ने एटीएम का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देने से पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को नुकसान पहुंचाकर नकदी निकालने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पहले एटीएम के शटर को तोड़ा और फिर अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद गैस कटर से मशीन को जलाकर नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान एटीएम मशीन के ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। हालांकि बदमाश मशीन से नकदी निकालने में सफल हुए या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के बाद केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक अरुण कुमार मीना ने कोटखावदा थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
कोटखावदा थानाधिकारी उदयभान सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान करने के साथ ही वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। घटनास्थल और उसके आसपास के साक्ष्यों के आधार पर आरोपिताें तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

