यमुनानगर:227 युवतियों के गुमशुदगी मामलों के बीच नहर में मिला शव बना चुनौती
यमुनानगर, 15 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले के बुडिया थाना क्षेत्र में फतेहपुर पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर से बरामद महिला के शव के मामले में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस की जांच और जटिल हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई हैं। घटना के करीब दस दिन बीत जाने के बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
पुलिस के अनुसार पांच मार्च की सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने फतेहपुर पुल के समीप नहर में महिला का शव दिखाई देने की सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। प्रारंभिक स्तर पर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसने सफेद कमीज, गुलाबी टॉप और काली जींस पहन रखी थी। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन, तंबाकू की पुड़िया और माचिस भी बरामद की गई है। पहचान से जुड़े कुछ अहम संकेत भी सामने आए हैं। महिला के बाएं हाथ पर ‘राजेश’ और दाएं हाथ पर ‘दिव्या’ नाम गुदा हुआ मिला है। पुलिस इन निशानों के आधार पर उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है। नौ मार्च को डॉक्टरों के बोर्ड से कराए गए पोस्टमार्टम में महिला के शरीर पर एक दर्जन से अधिक चोटों के निशान पाए गए। साथ ही हायॉइड बोन टूटने और गर्दन पर लिगेचर मार्क मिलने से गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। जांच इसलिए भी कठिन हो गई है क्योंकि आसपास के जिलों में बड़ी संख्या में युवतियों के लापता होने के मामले दर्ज हैं। एक फरवरी से पांच मार्च के बीच यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल में कुल 227 युवतियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतका की पहचान के लिए विभिन्न थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

