यमुनानगर:नहर में बहे युवक का शव मिला
यमुनानगर, 24 मार्च (हि.स.)यमुनानगर के दादूपुर हेड नहर में लापता हुए युवक का शव मंगलवार दोपहर खोज अभियान के दौरान बरामद कर लिया गया। घटना ने क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस व गोताखोरों की टीम ने सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूरी पर नहर के भीतर गहराई में फंसा मिला। बताया गया कि शव पानी के बीचों-बीच गहरे हिस्से में अटका हुआ था, जिसे बाहर निकालकर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक हाल ही में अपने साथियों के साथ नहर किनारे गया था, जहां वह वीडियो बना रहा था। इसी दौरान असंतुलित होकर वह पानी में जा गिरा और तेज धारा में बह गया। मौके पर मौजूद साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन प्रवाह अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई थी, जो देर शाम तक जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिजन भी पूरी रात घटनास्थल के पास डटे रहे और लगातार युवक के मिलने की उम्मीद लगाए रहे।
अधिकारियों के अनुसार नहर का तेज बहाव और अधिक गहराई अभियान में बाधा बनी रही। इसके बावजूद टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे और अंततः शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

