home page

चार करोड़ रुपये का भुगतान न करने पर पंजाब के जेवी ग्रुप के संचालक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा

 | 
चार करोड़ रुपये का भुगतान न करने पर पंजाब के जेवी ग्रुप के संचालक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा


बांदा, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के नरैनी क्षेत्र में निर्माणाधीन नहर के लिए करीब चार करोड़ रुपये की गिट्टी-बालू सप्लाई करने और इसके एवज में महज 54 लाख रुपये ऑनलाइन भुगतान किए जाने का मामला न्यायालय पहुंचा है।

जनपद अंबाला (हरियाणा ) निवासी साहिब सिंह ने जेवी ग्रुप के संचालक समेत तीन लोगों पर भुगतान न करने, कूटरचित चेक देने, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एफटीसी बांदा के न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, साहिब सिंह वर्तमान में नरैनी में रहकर गिट्टी-बालू की सप्लाई का काम करते हैं और गुरुनानक इंटरप्राइजेज के मालिक हैं।

आरोप है कि नरैनी में सरकारी स्कूल के पास रामपुरा कूल भटिंडा पंजाब की शिवशक्ति कंपनी से अनुबंधित जेवी ग्रुप द्वारा नहर का निर्माण कराया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से जेवी ग्रुप को विश्वास के आधार पर बालू-गिट्टी की सप्लाई करता रहा।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान करीब चार करोड़ रुपये कीमत की बालू-गिट्टी की सप्लाई ली गई, जबकि ऑनलाइन माध्यम से करीब 54 लाख रुपये का भुगतान किया गया। शेष भुगतान मांगने पर कथित रूप से टालमटोल की गई।

आरोप है कि दो जुलाई को भुगतान मांगने पर प्रार्थी को नरैनी बुलाया गया। वहां रुपये देने से इनकार करने के साथ उसे कूटरचित चेक दिया गया। इसके बाद प्रेम शर्मा और ब्रजेश यादव समेत अन्य लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित के मुताबिक उसने नरैनी थानाध्यक्ष और बाद में पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बीएनएसएस की धारा 175(3) के तहत न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई की गई

नरैनी कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा शनिवार को बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने जितेंद्र पाल सिंह पुत्र गुरतेज सिंह निवासी सरकारी स्कूल के पास रामपुर कूल भटिंडा पंजाब, प्रेम शर्मा , और बृजेश यादव नरैनी बांदा के खिलाफ मामला पंजीकृत किया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह