home page

यमुनानगर:पश्चिमी यमुना नहर में युवती का शव मिलने से सनसनी

 | 

यमुनानगर, 05 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में पुराना सहारनपुर रोड स्थित फतेहपुर पुल के समीप पश्चिमी यमुना नहर से एक युवती का शव बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला। फिलहाल युवती की पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने गुरुवार काे बताया कि इस बारे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि नहर में एक युवती का शव पानी में तैरता दिखाई दे रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में युवती की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है। मौके पर की गई तलाशी में युवती ने जींस और टॉप पहना हुआ पाया गया। उसके हाथ में एक मंगलसूत्र लिपटा हुआ मिला। हालांकि कपड़ों या पास मौजूद किसी वस्तु से उसकी पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस के अनुसार युवती की एक बाजू पर राजेश और दूसरी बाजू पर लड़की का नाम गुदा हुआ पाया गया है, जिसे पहचान के महत्वपूर्ण सुराग के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है, जहां पहचान के लिए 72 घंटे तक रखा जाएगा। इसके साथ ही युवती की तस्वीर आसपास के थानों में भेजी गई है और हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष सामने नहीं आया है। यह हत्या, आत्महत्या या अन्य परिस्थितियों में हुई मृत्यु भी हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच टीम आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और नहर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवती की पहचान और घटना से जुड़े संभावित तथ्यों का पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार