home page

यमुनानगर:कनाडा भेजने का झांसा देकर कैब चालक से लाखों की ठगी

 | 

यमुनानगर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में विदेश भेजने के नाम पर एक कैब चालक से करीब ढाई लाख रुपये की ठगी और बाद में हथियार के बल पर धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता चालक ने बुधवार को पुलिस को बताया कि वह ऊबर एप के माध्यम से वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। कुछ समय पहले चंडीगढ़ में उसकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जो विदेश भेजने को लेकर बातचीत कर रहा था। संपर्क बढ़ने पर उसकी बातचीत यमुनानगर निवासी रोहन से कराई गई, जिसने उसे कनाडा भेजने का भरोसा देते हुए बड़ी रकम की मांग की। आरोप है कि भरोसे में लेकर आरोपियों ने उससे अलग-अलग माध्यमों से रकम ली। नकद भुगतान के अलावा एटीएम से निकाली गई राशि और डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए भी पैसे ट्रांसफर करवाए गए। एक मौके पर उसे शहर के एक किराना स्टोर पर ले जाकर यूपीआई स्कैनर के माध्यम से से भी रकम जमा करवाई गई।

शिकायत के अनुसार बाद में उसे शहर के बाहरी क्षेत्र में बुलाया गया, जहां आरोपी अपने साथियों के साथ उसे वाहन में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां बिना नंबर प्लेट की गाड़ी के पास नकाबपोश युवकों ने अधिक पैसे की मांग की। मना करने पर एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर उसकी गर्दन पर रख दी और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान सड़क से गुजरते वाहन की रोशनी पड़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद चालक किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार