सीवान में बारात बनी रणभूमि, ड्रोन कैमरा चला रहे फोटोग्राफर को मारी गोली
सीवान, 30 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में गुरुवार शाम करीब 4 बजे बारात के दौरान उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ड्रोन कैमरे से शूटिंग कर रहे एक फोटोग्राफर को अपराधियों ने गोली मार दी।
घायल की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल गांव निवासी नीतीश कुमार (पुत्र बंधु प्रसाद) के रूप में हुई है, जो “एस एन स्टूडियो” के नाम से फोटोग्राफी का काम करता है।
बताया जाता है कि बारात निकलने के दौरान नीतीश ड्रोन उड़ाकर वीडियो शूट कर रहा था, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे और उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, बारात के दौरान कुछ लोगों के बीच पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

