home page

डोर-टू-डोर सर्वे में पकड़ा अवैध विस्फोटक सामग्री का जखीरा

 | 
डोर-टू-डोर सर्वे में पकड़ा अवैध विस्फोटक सामग्री का जखीरा


जयपुर, 17 जून (हि.स.)। शहर में अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री के भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खोह नागोरियान थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री बरामद कर जब्त की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्ररेट जयपुर के निर्देश पर शहर में अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री के भंडारण और निर्माण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में लगातार डोर-टू-डोर सर्वे एवं जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस अभियान के दौरान शंकर विहार कॉलोनी स्थित एक दुकान में बिना लाइसेंस एवं अनुमति के अवैध रूप से पटाखा तथा विस्फोटक सामग्री का भंडारण पाया गया। इस पर पुलिस ने दुकान संचालक हरज्योत सिंह (24) पुत्र नरेंद्र सिंह, निवासी शंकर विहार कॉलोनी, गोनेर रोड को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस ने इस संबंध में खोह नागोरियान थाने में मामला दर्ज किया है। आरोपी से अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री के स्रोत तथा भंडारण के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

थानाधिकारी प्रकाश राम के नेतृत्व में करीब 25 पुलिसकर्मियों की टीम ने क्षेत्र में व्यापक डोर-टू-डोर सर्वे किया। अभियान के दौरान लगभग 250 मकानों और कई कॉलोनियों की जांच की गई। पुलिस ने क्षेत्र में संचालित करीब 20 अवैध कबाड़, कटिंग और प्लास्टिक गोदामों को सील किया।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में जांच एवं सर्वे अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही मोहल्ला एवं कॉलोनी बैठकों के माध्यम से नागरिकों को अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश