जांजगीर-चांपा: राइस मिल के डामर प्लांट से केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 13 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में राइस मिल के डामर प्लांट में चोरी के मामले में मुलमुला पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को आज मंगलवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम बनाहिल स्थित लड्डू गोपाल राइस मिल के डामर प्लांट का है। बीते 10 अगस्त 2026 की रात करीब 12:30 बजे राइस मिल के चौकीदार भूपेन्द्र साहू ने मुकेश केड़िया को फोन कर सूचना दी थी कि कुछ अज्ञात लोग डामर प्लांट के कार्यालय में चोरी करने के लिए घुसे हैं। घटना की शिकायत मिलने के बाद मुलमुला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने बनाहिल चौक के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान वीरू केवट (25 वर्ष) और शिवा कुमार केवट (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बनाहिल, के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के खिलाफ थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 316/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(1) और 3(5) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नजिर हुसैन, प्रधान आरक्षक रूद्र कश्यप, आरक्षक राजेश कश्यप सहित थाना मुलमुला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

