बक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
बक्सर, 30 जुलाई (हि.स.)।
बक्सर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नया भोजपुर थाना क्षेत्र से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक कार और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि नया भोजपुर थाना क्षेत्र के गोपाल डेरा पोसरा के समीप कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में नया भोजपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनू कुमार (कोरानसराय, बक्सर), समीर शेख (कोरानसराय, बक्सर), सुरेंद्रकांत पाण्डेय (नया भोजपुर, बक्सर), मंजल कुमार पासवान (बबुरा, भोजपुर) तथा उदयभान गौड़ (हरसिद्धि, पूर्वी चंपारण) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 490 ग्राम ब्राउन शुगर (अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये), एक कार तथा पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
इस सफल अभियान में एसडीपीओ डुमरांव पोलस्त कुमार, पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष नया भोजपुर सुधीर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक चंदन कुमार, पुलिस पदाधिकारी सुजीत कुमार सहित डीआईयू एवं स्थानीय थाना पुलिस के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

