भरतपुर में 30 मिनट में दो कारोबारियों पर हमला, लूट के बाद चली गोलियां
भरतपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। भरतपुर शहर शनिवार रात उस समय दहल उठा, जब महज आधे घंटे के भीतर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दो अलग-अलग जगहों पर कारोबारियों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक व्यापारी से 60 हजार रुपए लूटने के बाद उसे गोली मार दी गई, जबकि दूसरे व्यापारी से 5 लाख रुपए लूटने में नाकाम रहने पर उसके पेट में गोली दाग दी गई।
एसपी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि शनिवार रात मथुरा गेट क्षेत्र स्थित मित्तल प्रोविजन स्टोर के संचालक प्रमोद कुमार मित्तल (52) अपने बेटे निशांक के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। घर से महज 400 मीटर पहले बिजलीघर चौराहे के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने कट्टा तानते हुए कहा, जल्दी बैग दे। जान बचाने के लिए प्रमोद मित्तल ने बिना विरोध किए 60 हजार रुपए से भरा बैग सौंप दिया, लेकिन लुटेरों का इरादा केवल लूट नहीं था।
बैग लेने के बाद बदमाशों ने पीछे से लगातार तीन राउंड फायर किए। एक गोली प्रमोद मित्तल की गर्दन के नीचे कंधे के पास जा धंसी और वे सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
घायल पिता को एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना बेटा निशांक खून से लथपथ हालत में बाइक पर बिठाकर सीधे आरबीएम अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों के अनुसार गोली अभी शरीर में फंसी हुई है और ऑपरेशन कर उसे निकाला जाएगा।
पहली घटना के करीब आधे घंटे बाद बदमाशों ने सुभाष नगर निवासी चंद्रभान (46) को निशाना बनाया, जिनकी अनाह गेट पर बर्तनों की दुकान है। चंद्रभान शनिवार को मथुरा से प्लॉट खरीदने के लिए अपने रिश्तेदार से 5 लाख रुपए उधार लेकर लौट रहे थे। रास्ते में बदमाश उनकी रेकी करते रहे। रात करीब साढ़े नौ बजे अनोखी होटल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। लेकिन इस बार चंद्रभान ने बैग नहीं छोड़ा। उन्होंने पूरी ताकत से बैग पकड़कर विरोध किया।
विरोध से बौखलाए बदमाशों ने सीधे उनके पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बावजूद चंद्रभान ने बैग नहीं छोड़ा और बदमाश बिना रुपए लूटे ही मौके से भाग निकले।
गंभीर हालत में उन्हें पहले आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद देर रात जयपुर रेफर कर दिया गया। उनका ऑपरेशन जयपुर में किया जाएगा। पुलिस को आशंका है कि दोनों घटनाओं को एक ही गैंग ने अंजाम दिया है।
घटनाओं की जानकारी मिलते ही शहर के व्यापारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग आरबीएम अस्पताल पहुंच गए। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया गया है। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर निगरानी बढ़ा दी गई है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

