मुर्गा फार्म व्यवसायी को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
सीवान, 07 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र में शनिवार की रात लगभग नौ बजे अपराधियों ने एक मुर्गा फार्म व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल व्यवसायी की पहचान जतौर बाजार निवासी सुनील सिंह के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि सुनील सिंह किसी परिचित के यहां नेवता से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चकिया गांव के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके पेट में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों के सहयोग से परिजन उन्हें तत्काल गुठनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल सीवान रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर ले गए हैं।
गुठनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. शकील अहमद ने बताया कि घायल के पेट में गोली लगी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी, इसलिए उन्हें तत्काल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर एफएसएल टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है तथा घायल द्वारा बताए गए संदिग्ध अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

