home page

ढाई करोड़ का सोना लेकर कारोबारी परिवार सहित लापता, सर्राफा व्यापारियों ने दी तहरीर

 | 
ढाई करोड़ का सोना लेकर कारोबारी परिवार सहित लापता, सर्राफा व्यापारियों ने दी तहरीर


झांसी, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में शहर के सर्राफा बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कारोबारी करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक का सोना लेकर परिवार सहित लापता हो गया। मामले को लेकर सर्राफा व्यापारियों ने थाना शहर कोतवाली पहुंचकर तहरीर देते हुए कारोबारी का जल्द सुराग लगाकर सोना बरामद कराने की मांग की है।

मंगलवार को सर्राफा व्यापार मंडल के नेता उदय सोनी के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारी शहर कोतवाली पहुंचे। व्यापारियों ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपते हुए लापता कारोबारी की तस्वीर भी उपलब्ध कराई। व्यापारियों ने बताया कि गणेश मढ़िया मोहल्ला निवासी कुलदीप उर्फ दीपू सोनी सर्राफा कारोबार से जुड़ा हुआ था और बाजार से सोना लेकर देहात क्षेत्र के छोटे व्यापारियों को बेचने का कार्य करता था।

व्यापारियों के अनुसार कुलदीप करीब एक सप्ताह से अपने परिवार सहित घर से गायब है। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद जा रहा है, जिससे उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि कुलदीप बाजार के कई कारोबारियों का करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य का सोना लेकर लापता हुआ है। इसमें पंकज गुप्ता, प्रतीक वर्मा समेत आधा दर्जन से अधिक व्यापारी प्रभावित बताए जा रहे हैं।

सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर कारोबारी का जल्द पता लगाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही कारोबारी की तलाश करने के लिए टीम गठित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया