कारोबारी ने पत्नी-बेटी संग जहर खाया, तीनों की मौत
अजमेर, 20 सितंबर (हि.स.)। गढ़ी मालियान क्षेत्र में शनिवार देर रात एक फर्नीचर व्यवसायी ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ कथित तौर पर जहर खा लिया। घटना में व्यवसायी अशोक शर्मा (59), उनकी पत्नी इंद्रा और बेटी दीक्षा की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं उनका बेटा गौरव अस्पताल में भर्ती है। पड़ोसियों ने गौरव के भी आत्महत्या का प्रयास करने का दावा किया है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटना से कुछ देर पहले अशोक शर्मा ने फुलेरा निवासी अपने भांजे निर्मल को फोन किया था। फोन पर उन्होंने कथित तौर पर कहा कि अब बात नहीं होगी, जिसके बाद फोन काट दिया। निर्मल की पत्नी ने इसकी जानकारी उसे दी। आशंका होने पर निर्मल ने अशोक के पड़ोसी को फोन कर तत्काल घर जाने को कहा। पड़ोसी जब वहां पहुंचे तो अशोक, उनकी पत्नी और बेटी की हालत गंभीर थी।
पड़ोसियों के अनुसार घर के दूसरे कमरे में गौरव भी बेसुध मिला। इसके बाद चारों को रात करीब साढ़े आठ बजे जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान अशोक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद उनकी पत्नी इंद्रा और बेटी दीक्षा की भी मौत हो गई। गौरव का अस्पताल में उपचार जारी है।
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि गौरव अपनी पत्नी के साथ जयपुर में रहता था और उसने ट्रेडिंग का काम शुरू किया था। इस कारोबार के लिए उसने कई लोगों से रुपये लिए थे। पड़ोसियों के अनुसार उस पर दो करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज होने की बात सामने आई है। कुछ दिन पहले गौरव की पत्नी को भी कर्ज की जानकारी हुई, जिसके बाद वह अपने पीहर चली गई थी। हालांकि कर्ज की वास्तविक स्थिति और घटना से उसका संबंध पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
सामूहिक आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थानाप्रभारी ओमप्रकाश ने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिजनों ने तीनों मृतकों की आंखें दान करने का निर्णय लिया। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

