सागर में शराब दुकान पर पकड़ा गया युवक, 500 के दो नोटों का सीरियल नंबर निकला एक समान
सागर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक शराब दुकान पर ₹500 के दो ऐसे नोट सामने आए, जिनका सीरियल नंबर एक समान था। झांसी बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर गुरूवार रात भुगतान के दौरान कर्मचारियों ने यह गड़बड़ी पकड़ी। उन्होंने युवक को मौके पर रोककर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कैंट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि दोनों नोट उसे कहां से मिले और मामले के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
जानकारी के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के झांसी बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर बीती रात एक युवक शराब खरीदने पहुंचा। भुगतान के लिए उसने काउंटर पर ₹500 के दो नोट दिए। कर्मचारियों ने जब नोटों की जांच की, तो दोनों पर अंकित सीरियल नंबर एक समान मिला।
एक ही सीरियल नंबर के दो नोट देखकर कर्मचारियों को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल युवक को दुकान पर रोक लिया और कैंट थाना पुलिस को सूचना दी।
शराब दुकान के कर्मचारियों के मुताबिक, इलाके में पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध और कथित नकली नोटों के चलन की आशंका को लेकर चर्चा थी। इसी कारण कर्मचारी लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरत रहे थे।
दोनों नोटों पर एक ही सीरियल नंबर मिलने के बाद कर्मचारियों ने बिना देर किए कार्रवाई की और युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस अब युवक से पूछताछ कर रही है कि उसके पास एक ही सीरियल नंबर वाले दोनों नोट कहां से आए। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला किसी अनजाने लेन-देन का है या इसके पीछे किसी संगठित गतिविधि की भूमिका है।
हालांकि, केवल एक समान सीरियल नंबर मिलने से नोटों के नकली होने की पुष्टि नहीं होती। नोटों की वास्तविकता और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

