यमुनानगर : बस अड्डे पर बुजुर्ग महिला का बैग उड़ाया, मदद के बहाने वारदात
यमुनानगर, 18 मार्च (हि.स.)। शहर के बस अड्डे पर एक बुजुर्ग महिला से बैग चोरी की घटना सामने आई है। एक युवक ने सहायता का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फतेहगढ़ निवासी संजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी माता शोभा देवी बुधवार दोपहर के समय बस अड्डे पर काउंटर नंबर-6 के पास खड़ी थीं। उनके पास दो बैग थे और वह बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक उनके पास पहुंचा और खुद को मददगार बताते हुए बैग पकड़ाने की बात कही। शिकायत के अनुसार, जैसे ही महिला बस में चढ़ीं, आरोपी मौके का फायदा उठाकर एक बैग लेकर फरार हो गया। महिला ने शोर मचाया, लेकिन युवक बिना पीछे देखे तेजी से निकल गया। बैग में कीपैड मोबाइल, नकदी, कपड़े और सोने की अंगूठी सहित करीब 50 हजार रुपये का सामान था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। जांच का जिम्मा एक एएसआई को सौंपा गया है। पुलिस टीम ने बस अड्डे पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

