तीन महीने से लापता बस चालक का कुएं में मिला कंकाल, हत्या की आशंका; परिजनों ने किया चक्काजाम
मंदसौर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में तीन महीने से लापता 24 वर्षीय बस चालक का कंकाल शनिवार शाम एक कुएं से बरामद हुआ। कंकाल की हालत इतनी खराब थी कि उसका सिर और दोनों हाथ गायब थे। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गांधी चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और कुछ देर चक्काजाम किया। परिजनों ने चार लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान कन्हैयालाल पिता रामलाल प्रजापत निवासी जमुनिया मीणा, थाना अफजलपुर के रूप में हुई है। वह प्रिंस बस चलाता था। परिजनों के मुताबिक, कन्हैयालाल 21 अगस्त को बस लेकर निकला था। 22 अगस्त को उसने नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के रणायरा में बस खड़ी की और एक ढाबे पर खाना खाने गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों का आरोप है कि ढाबे पर चार लोगों से उसका विवाद हुआ था और उसके साथ मारपीट की गई थी। ढाबा संचालक ने भी चार लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी परिजनों को दी थी।
कन्हैयालाल के लापता होने के बाद बद्रीलाल पिता कचरूलाल प्रजापत निवासी जमुनिया मीणा ने 31 अगस्त 2026 को नाहरगढ़ थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कन्हैयालाल के लापता होने के साथ उसे बंधक बनाकर रखने की आशंका भी जताई गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार शाम पुलिस ने रुपणी गांव में सज्जन सिंह के कुएं से कन्हैयालाल का कंकाल बरामद किया। करीब तीन महीने तक कुएं में पड़े रहने के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका था। कंकाल से सिर और दोनों हाथ भी नहीं मिले। पुलिस ने अवशेष पोस्टमार्टम के लिए मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाए।
मामले में परिजनों ने भीमसिंह और जगदीश पिता बापूलाल गायरी निवासी रणायरा, श्यामलाल पिता भेरूलाल बलाई निवासी रूपणी तथा रणजीतसिंह पिता मदनसिंह निवासी रूपणी पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजन गांधी चौराहे पर एकत्रित हुए। उन्होंने चारों आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त सजा और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। इस दौरान कुछ देर तक चक्काजाम भी किया गया।
सूचना मिलने पर एसडीओपी गिरीश जेजूरकर और नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देकर स्थिति संभाली।
मृतक के पिता रामलाल ने कहा कि उनका बेटा बस चलाता था और ढाबे पर खाना खाने गया था। अब उसका शव कुएं में मिला है, लेकिन उसके हाथ और गर्दन तक नहीं मिले हैं। परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
मृतक के मामा नागूलाल ने बताया कि उनका भांजा करीब तीन महीने से लापता था। वह 21 अगस्त को बस लेकर निकला था और 22 अगस्त को वापस नहीं लौटा। उन्होंने आरोप लगाया कि ढाबे पर खाना खाने के दौरान चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी ढाबा संचालक राकेश धनगर ने दी थी। उन्होंने आरोपियों को सजा दिलाने और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी के अनुसार, मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने जिन लोगों के नाम बताए हैं, उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

