सागर में भीषण सड़क हादसा: बस और कार की टक्कर में चार की मौत, दो जैन व्यापारियों की भी गई जान
सागर, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। बहेरिया थाना क्षेत्र में गढ़ाकोटा मार्ग पर चनाटोरिया के पास तेज रफ्तार सूत्र सेवा बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस सड़क किनारे गहरी खाई में जाकर पलट गई।
हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के बाद मुख्य मार्ग पर आ रही थी। इसी दौरान जबलपुर की ओर से तेज गति से आ रही सूत्र सेवा बस ने कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
टक्कर के बाद बस भी अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जाकर पलट गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के थाना क्षेत्रों को भी इसकी सूचना दी गई है।
हादसे में जान गंवाने वालों में सागर के दो जैन व्यापारी भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान बंडा निवासी प्रशांत जैन (46) और रामपुरा वार्ड निवासी निर्मल उर्फ मुन्ना जैन (62) के रूप में हुई है।
प्रशांत जैन सागर में एसी-कूलर और इलेक्ट्रॉनिक सामान के कारोबार से जुड़े थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं निर्मल उर्फ मुन्ना जैन कृषि उपकरणों के जाने-माने व्यापारी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों बच्चे डॉक्टर बताए गए हैं।
हादसे में विकास (43), पुत्र जगदीश कुमार, निवासी हरियाणा की भी मौत हुई है। चौथे मृतक की पहचान अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वह भी हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उसकी औपचारिक शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में सवार तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान चौथे घायल की भी मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में आईसीयू में उसका उपचार चल रहा है।
बताया गया है कि दुर्घटना में शामिल कार हरियाणा पासिंग नंबर की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी गई है। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। एक साथ चार लोगों की मौत की खबर से सागर के व्यापारी वर्ग और मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस अब हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

