रायपुर में स्कूल बस की चपेट में आने से 2 साल के मासूम की मौत
रायपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है।
विधानसभा थाना पुलिस के अनुसार जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार विधानसभा क्षेत्र के अंडरब्रिज के पास रहता है। विधानसभा अंडरब्रिज सर्विस रोड के पास सुबह करीब 8 बजे भुवंस स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली स्कूल बस को जब्त कर लिया है और आरोपित चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह हादसा आखिर किन परिस्थितियों में हुआ। घटनास्थल का तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों व स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सभी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही परिजन और आसपास के लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाना पहुंच गए। उन्होंने बस चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया और अपना विरोध दर्ज कराया।
पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल बस चालक और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है। वहीं, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

