साइबर ठगी कर 6.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी, चार गिरफ्तार
पूर्व बर्दवान, 27 अगस्त (हि. स.)। साइबर ठगी के जरिए करीब छह लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में गुरुवार को बर्दवान साइबर थाने की पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विजय देवनाथ, शिवम विश्वास, तरुणजीत देवनाथ और शुभ बाला के रूप में हुई है। चारों पूर्व बर्दवान के नादनघाट थाना क्षेत्र के चंपाहाटी और हाटशिमला इलाके के निवासी बताए गए हैं। पुलिस को इन चारों के खिलाफ कुल छह लाख 70 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े लेनदेन के प्रमाण मिले हैं।
गुरुवार को आरोपितों को बर्दवान सीजेएम अदालत में पेश किया गया। अदालत ने शुभ बाला को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया, जबकि बाकी तीन आरोपितों को 28 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में राज्य साइबर क्राइम विंग की ओर से बर्दवान साइबर थाने को एक रिपोर्ट भेजी गई थी। रिपोर्ट में नादनघाट थाना क्षेत्र के समुद्रगढ़ के नसरतपुर इलाके में स्थित एक बैंक के 28 खातों में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी दी गई थी। जांच के दौरान पता चला कि इन बैंक खातों में साइबर ठगी के जरिए लाखों रुपये जमा किए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज 67 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से इन बैंक खातों का संबंध है। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों के लेनदेन और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की।
पुलिस का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क से 268 संदिग्ध मोबाइल नंबर और छह प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) एजेंट जुड़े हुए थे। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए सिम कार्ड हासिल किए जाते थे और उनका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, ठगी के लिए फिशिंग कॉल, फर्जी एसएमएस, निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने जैसी अलग-अलग तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता था। बताया जा रहा है कि यह नेटवर्क देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय था। मामले में बर्दवान साइबर थाने ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान टेलीकॉम कंपनियों से आरोपितों के कॉल रिकॉर्ड और कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म सहित अन्य जानकारी हासिल की गई। वहीं, संबंधित बैंक से केवाईसी और बैंक खाता खोलने से जुड़े दस्तावेज भी जुटाए गए।
इन सभी जानकारियों का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

