फर्जी दस्तावेजों से लाखों की धोखाधड़ी में डेयरी संचालक गिरफ्तार
हमीरपुर 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में आगरा की एक डेयरी कंपनी के साथ फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
कोतवाल अनूप सिंह ने सोमवार को बताया कि आगरा जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी अजीत कुमार राठौर की तहरीर पर बुंदेलखंड डेयरी फूड्स एवं बुंदेलखंड डेयरी प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के संचालक रामनरेश और उनकी पत्नी माधुरी, निवासी ग्राम पुरैनी, थाना जलालपुर के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रूपये की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इंस्पेक्टर (क्राइम) दिनेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सोमवार को पुलिस टीम ने सूचना पर वांछित आरोपित रामनरेश को राठ कस्बे के उरई रोड स्थित अंबेडकर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

