जमीन विवाद में दबंगो नें युवक को मारी गोली, रेफर
-दिनदहाड़े गोलीकांड से इलाके में मचा हड़कंप, वारदात के बाद आरोपी फरार
हमीरपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मवईजार गांव में शनिवार को जमीन के विवाद को लेकर एक किसान को गोली मार दी गई। गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल ने अपने चचेरे भाई पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
मवईजार निवासी जितेंद्र सिंह (24) शनिवार को गांव के बाहर स्थित नलकूप पर था। इसी दौरान उसके पैर में गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक जमीन को लेकर उसका चचेरे भाई भुजवल सिंह से विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते भुजवल नलकूप पर पहुंचा और उसे गोली मार दी। घटना की सूचना यूपी-112 पर दी गई।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय के नेतृत्व में थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि घायल की तहरीर मिलने के बाद मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों के साथ ही आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। गांव में स्थिति सामान्य है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

