तालाब की भूमि पर बनी अवैध मस्जिद को गिराया
बागपत, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के राजपुर खानपुर गांव में शनिवार को तालाब की सरकारी जमीन पर बनी करीब 50 साल पुरानी मस्जिद को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई। मौके पर एसडीएम बागपत, राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी गुलसेर ने कई वर्ष पहले तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर मामला हाईकोर्ट पहुंचा। सुनवाई के बाद कोर्ट ने बागपत तहसील प्रशासन को राजस्व अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, आदेश के बाद भी लंबे समय तक कार्रवाई लंबित रही।
शनिवार को प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ राजपुर खानपुर गांव पहुंची और अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से मस्जिद के ढांचे को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
एसडीएम बागपत ज्योति शर्मा का कहना है कि कार्रवाई न्यायालय के आदेश और राजस्व अभिलेखों के आधार पर की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
सरकारी भूमि पर नहीं होगा कब्जा
जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल ने अवैध रूप से सरकारी जमीनों पर किए गए कब्जे को लेकर सख्त संदेश दिया है। अस्मिता लाल का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी तीनों तहसीलों के एसडीएम को सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

