home page

बुलंदशहर: जमानत पर जेल से बाहर आए युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 | 
बुलंदशहर: जमानत पर जेल से बाहर आए युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार


बुलंदशहर, 23 जून (हि.स.)। जनपद के गुलावठी कस्बा क्षेत्र में पुरानी रंजिश और पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जनवरी 2025 में हापुड़ में हुई एक हत्या के मामले में विरोधी पक्ष ने मंगलवार को एक व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक कुछ दिन पहले ही जमानत पर छूटकर आया था और गुलावठी में किराए की दुकान चला रहा था। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना में शामिल अभियुक्तों को हत्या में प्रयुक्त असलहों के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जनवरी 2025 में जनपद हापुड़ के थाना कपूरपुर क्षेत्र के ग्राम पारपा में एक ही जाति और आसपास रहने वाले दो परिवारों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। उस वक्त इस विवाद में बलबीर नाम के व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड के आरोप में रोहतास नाम का व्यक्ति जेल गया था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद रोहतास कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसने करीब 10-15 दिन पहले ही बुलंदशहर के कस्बा गुलावठी में एक दुकान किराए पर लेकर अपना काम शुरू किया था।

मंगलवार देर शाम को पुरानी रंजिश के चलते मृतक बलबीर के बेटों और उसके परिवार के लोगों ने रोहतास पर हमला कर दिया और उसे गोली मार दी। गोली लगने से रोहतास गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रोहतास की हत्या करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए असलहे भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपितों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Pawan Sharma