पालतू कुत्ते को जहर देकर हत्या के बाद घर में दुस्साहसिक चोरी
उत्तर दिनाजपुर, 20 नवंबर (हि. स.)। जिले के रायगंज थाना अंतर्गत गौरी ग्राम पंचायत के नरम कॉलोनी इलाके में पालतू कुत्ते को जहर देकर मारने के बाद घर में चोरी करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम घटना की जानकारी पाकर इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने स्थानीय निवासी कार्तिक चंद्र सरकार के घर की बाड़ तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
आरोप है कि घर में घुसने के बाद बदमाशों ने पहले पालतू कुत्ते को जहर मिला खाना खिलाकर मार डाला। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर करीब 20 से 25 हजार रुपये नकद और कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में नशेड़ियों का उत्पात बढ़ रहा है और नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से चोरी व छिनतई जैसी घटनाएं हो रही हैं। गृहस्वामी कार्तिक चंद्र सरकार ने रायगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

