भैंस चोर गैंग का पर्दाफाश, दो चोर गिरफ्तार, एक भैंस बरामद
गिरोह के पांच सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार तीन की तलाश में जुटी पुलिस
फतेहपुर, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार भोर पहर भैंस चोरी करते दो चोरों को मोहल्लेवासियों ने रंगेहाथ पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस की पूछताछ में दोनों चोरों ने गिरोह के फरार तीन अन्य सदस्यों का भी खुलासा किया है। पुलिस ने सभी पांच चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया है और चोरी की गई एक भैंस भी बरामद की है।
सदर कोतवाली के तुरावली मोहल्ले में शुक्रवार भोर पहर दो चोरों को मोहल्लेवासियों ने भैंस चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी और दोनों चोर पुलिस के हवाले कर दिए। गिरफ्तार चोर हिमांशु पाल उर्फ शनी (19 वर्ष), निवासी दुनदरखीपुर थाना हथगांव, हाल पता आवास विकास कॉलोनी, सदर कोतवाली फतेहपुर व अभिलाष भारती उर्फ छोटू (21 वर्ष), निवासी मुराइनटोला, सदर कोतवाली फतेहपुर हैं
पूछताछ में गिरफ्तार चोरों ने कबूल किया कि उन्होंने नई बस्ती आबूनगर से एक भैंस चोरी की थी। दोबारा चोरी के इरादे से तुरावली का पुरवा पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने हम दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई एक भैंस बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि इस वारदात में अल्तमश पुत्र मो0 इस्लाम उर्फ बबलू निवासी महाजरी, अमन निवासी पत्थरकटा और अल्तमश का एक दोस्त भी शामिल था। सभी ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी को अंजाम दिया था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमन्त कुमार मिश्र ने बताया कि भैंस चोरी में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कोतवाल ने जनता से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। स्थानीय लोगों के सहयोग से ही अपराधियों पर लगाम लगाई जा सकती है।
कार्रवाई टीम में उप निरीक्षक सुमित नारायण, कांस्टेबल तेजेन्द्र पाल सिंह व कांस्टेबल हरेश कुमार शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

