home page

बुद्ध विहार हत्याकांड 48 घंटे में सुलझा, चार नाबालिग समेत पांच को पकड़ा

 | 
बुद्ध विहार हत्याकांड 48 घंटे में सुलझा, चार नाबालिग समेत पांच को पकड़ा


नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। रोहिणी जिले के बुध विहार थाना पुलिस ने 48 घंटे के भीतर युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जबकि चार नाबालिगों को पकड़ा है। वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, एक बीयर की बोतल और आरोपितों के वारदात के समय पहने कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया को पुलिस के अनुसार, 22-23 फरवरी की दरम्यानी रात जेजे कॉलोनी, सेक्टर-24 बुध विहार में शाहबाद डेयरी निवासी राजा उर्फ मंगल सिंह (25) पर कुछ युवकों ने चाकू और बीयर की बोतल से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में एफआईआर संख्या 79/26 धारा 103(1) व 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर संदीप गोदारा (कार्यवाहक एसएचओ) के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मोबाइल क्राइम टीम और एफएसएल रोहिणी ने मौके से साक्ष्य जुटाए। तकनीकी सर्विलांस और मानव स्रोतों की मदद से आरोपितों की पहचान की गई। सोनीपत, पानीपत और हरिद्वार में दबिश के बाद 24 फरवरी को अनिश झा (19), निवासी बुद्ध विहार फेज-2, को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि 20 फरवरी को राजा (मृतक) और एक आरोपी के बीच कहासुनी व मारपीट हुई थी, जिसमें एक आरोपित की पिटाई हुई और उसकी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसी रंजिश में बदला लेने की साजिश रची गई। घटना वाली रात सभी शाहबाद डेयरी में एक जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। बाद में बुध विहार में राजा से सामना होने पर एक नाबालिग ने चाकू से हमला शुरू किया, अनिश झा ने बीयर की बोतल से वार किया और अन्य ने भी मिलकर हमला किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी