home page

बिहार के सीवान में घर में घुसकर विधवा की हत्या

 | 
बिहार के सीवान में घर में घुसकर विधवा की हत्या


सीवान, 20 अप्रैल (हि.स.)।

सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के पकवालिया गांव में रविवार रात इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई, जहां तीन बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर 30 वर्षीय विधवा कलावती देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब वह अपने मासूम बच्चों के साथ घर में थीं।

मृतका के 11 वर्षीय बेटे अनुराग कुमार ने जो बताया, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। उसके मुताबिक, तीन बदमाश बाइक पर आए, गेट खोलकर जबरन घर में घुस गए और कलावती देवी के गले से चांदी की चेन छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।

कलावती देवी पहले से ही विधवा थीं और अपने पांच बच्चों का सहारा थीं। अब इस दिल दहला देने वाली घटना ने बच्चों के सिर से मां का साया भी छीन लिया। गांव में मातम पसरा है और लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma