home page

यमुनानगर:पहचान छिपाने के लिए की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर:पहचान छिपाने के लिए की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार


यमुनानगर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस ने हाल ही में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध में लूटपाट के बाद पहचान उजागर होने के डर से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था।

उप पुलिस अधीक्षक रजत गुलिया ने गुरुवार काे बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर विशेष टीमें गठित कर जांच तेज की गई थी। अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को जगाधरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि 21 फरवरी की रात आरोपियों ने एक व्यक्ति से लूटपाट की योजना बनाई थी। वारदात के दौरान पीड़ित द्वारा पहचान लिए जाने की आशंका उत्पन्न होने पर आरोपियों ने उस पर ईंटों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना ने पूरे यमुनानगर जिले में सनसनी फैला दी थी। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। फिलहाल उनसे गहन पूछताछ जारी है और वारदात में छीनी गई नकदी व अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि रिमांड अवधि के दौरान मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वारदात पूर्व नियोजित थी या मौके की परिस्थितियों में अपराध को अंजाम दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार