home page

किशनगंज में एक करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, तस्करी के आरोप में उमर फारूक गिरफ्तार

 | 
किशनगंज में एक करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, तस्करी के आरोप में उमर फारूक गिरफ्तार


किशनगंज, 15 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में किशनगंज जिले के खगड़ा पासवान टोला में छापेमारी कर पुलिस ने कथित तस्कर उमर फारूक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 434.10 ग्राम स्मैक (हेरोइन जैसा पदार्थ), 85,990 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और दो डिजिटल वजन मशीन बरामद की गई हैं। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये आंका है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि किशनगंज थाना क्षेत्र के खगड़ा स्थित पासवान टोला में उमर फारूक अपने मकान में अवैध मादक पदार्थ रखकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई, विशेष कार्य बल और किशनगंज थाना की पुलिस शामिल थी। विशेष टीम ने आरोपी के मकान की विधिवत तलाशी ली।

इस दौरान 434.10 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ, नकदी, तीन मोबाइल और दो डिजिटल तराजू बरामद किए गए। गिरफ्तार उमर फारूक खगड़ा, पासवान टोला, वार्ड संख्या 32 का निवासी है। उसका स्थायी पता पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमुंडी थाना क्षेत्र में बताया गया है। गुरुवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात बताई है। हालांकि, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है।

आरोपी के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि तस्करी के नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित कथित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी करेगी। इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 1133/26, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8(सी)/21(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई और किशनगंज थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह