करोड़ों के ब्राउन शुगर के साथ बीएसएफ इंस्पेक्टर गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 22 फरवरी (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा थाना क्षेत्र के मुरालिगंज चेकपोस्ट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन किलो 349 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक कथित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आलोक कुमार रविकर के रूप में हुई है, जो बिहार के कटिहार जिले के निवासी है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिहार की ओर से आ रही बीएसएफ बोर्ड लगी एक चार पहिया गाड़ी को संदेह के आधार पर रविवार शाम रोका गया। जांच के दौरान नंबर प्लेट में गड़बड़ी देख पुलिस को शक हुआ। नंबर प्लेट हटाकर तलाशी लेने पर वाहन के विशेष चेंबर से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई।
आरोपित ने खुद को बीएसएफ का इंस्पेक्टर बताया है और उसके पास से बीएसएफ का पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपित को सोमवार सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

