पुलिस की नजर से बचने के लिए बाइक पर लगाया ‘वकील’ का स्टिकर, ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार
कूचबिहार, 13 सितंबर (हि. स.)। पुलिस की नजरों से बचने के लिए बाइक पर ‘वकील’ का स्टिकर लगाकर ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान कूचबिहार शहर से सटे दर्जीपाड़ा निवासी नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। उसके पास से करीब 19 ग्राम ब्राउन शुगर का 57 पुड़िया और एक आईफोन बरामद किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मालदा से अवैध तरीके से ब्राउन शुगर कूचबिहार लाया जाता था। इसके बाद इसे छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर 300 और 500 रुपये में ग्राहकों को बेचा जाता था।रविवार को नूर मोहम्मद कूचबिहार शहर के कचहरी मोड़ से सटे सुनीति रोड इलाके में मादक पदार्थ की डिलीवरी देने पहुंचा था। मिली सूचना के आधार पर कोतवाली थाने की पुलिस ग्राहक बनकर मौके पर पहुंची और आरोपित को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 57 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन करीब 19 ग्राम है। जांच के दौरान पुलिस की नजर आरोपित की बाइक पर लगे ‘वकील’ के स्टिकर पर गई।
पुलिस का मानना है कि पहचान छिपाने और संदेह से बचने के लिए बाइक पर यह स्टिकर लगाया गया था। हालांकि, आरोपित ने दावा किया है कि बाइक उसके परिचित एक वकील की है। पुलिस आरोपित के दावे की जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले वाहन मैकेनिक के रूप में काम करता था और कम समय में अधिक कमाई के लालच में कथित तौर पर मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

