चारपहिया वाहन से 275 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 19 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर चारपहिया वाहन से मादक पदार्थ की तस्करी की सूचना मिलने पर बागडोगरा थाना पुलिस ने देर रात अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुनि चाय बागान इलाके में एक चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली और डैशबोर्ड से 275 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के किशनगंज निवासी मोहम्मद मोहसिन और दीपक कुमार राय के रूप में हुई है।
पुलिस ने गुप्त सुचना पर मंगलवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर निगरानी शुरू की थी। इसके बाद देर रात करीब दो बजे एक चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन के डैशबोर्ड से मादक पदार्थ बरामद किया गया। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार मूल्य करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें बुधवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

