home page

भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद, दो गिरफ्तार

 | 
भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद, दो गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 27 जुलाई (हि.स.)। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 300 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मालदा निवासी सईदुल इस्लाम और बिहार के किशनगंज निवासी सचिन ठाकुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मालदा से स्पीकर बॉक्स के भीतर विशेष रूप से बनाई गई जगह में ब्राउन शुगर छिपाकर रविवार रात सिलीगुड़ी लाई गई थी। इसकी डिलीवरी माटीगाड़ा स्थित परिवहन नगर बस स्टैंड क्षेत्र में की जानी थी। गुप्त सूचना के आधार पर एसओजी और माटीगाड़ा थाने की पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बस स्टैंड से दो संदिग्ध व्यक्तियों को खड़ा देखा गया। तलाशी लेने पर मालदा निवासी सईदुल इस्लाम के पास मौजूद स्पीकर बॉक्स से ब्राउन शुगर का एक पैकेट बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह स्पीकर बॉक्स में मादक पदार्थ छिपाकर डिलीवरी के लिए सिलीगुड़ी आया था।

पुलिस ने बताया कि दूसरा आरोपी सचिन ठाकुर जो बिहार के किशनगंज का निवासी है, ब्राउन शुगर की खेप लेने के लिए मौके पर पहुंचा था।

बरामद ब्राउन शुगर का वजन करीब 300 ग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार