home page

सुपौल में 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
सुपौल में 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 14 जून (हि.स.)। जिले के वीरपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 से 5.5 लाख रुपये है। छापेमारी के दौरान नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए हैं। रविवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि वीरपुर थाना क्षेत्र के कोचगामा पंचायत अंतर्गत भगवानपुर वार्ड संख्या-04 निवासी राम कुमार अपने घर में ब्राउन शुगर रखकर उसकी बिक्री कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अवर निरीक्षक जैवेन्द्र कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की गई।पुलिस टीम के पहुंचते ही दो युवक मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान भगवानपुर वार्ड-04 निवासी 29 वर्षीय राम कुमार, पिता महेश्री पासवान, तथा भगवानपुर वार्ड-06 निवासी 32 वर्षीय मो. आजाद, पिता मो. इसराइल, के रूप में हुई।

इसके बाद मजिस्ट्रेट हेमंत अंकुर, अंचलाधिकारी बसंतपुर की मौजूदगी में आरोपित के घर की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान फूस के झोपड़ीनुमा घर में रखे पीतल के बर्तन और प्लास्टिक की पन्नी से कुल 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, दो मोबाइल फोन, एल्यूमिनियम फॉयल, 1,920 रुपये नकद, सीसीटीवी डीवीआर, पावर सप्लाई उपकरण तथा एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की। प्रारंभिक जांच में इन सामानों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की पैकिंग, निगरानी और तस्करी से जुड़े कार्यों में होने की आशंका जताई जा रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि जब्त मोटरसाइकिल का उपयोग नेपाल सीमा क्षेत्र से मादक पदार्थ लाने और उसकी तस्करी करने में किया जाता था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र