ज़मीनी विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की सरिये से हत्या की, आरोपित गिरफ्तार
डूंगरपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में ज़मीनी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की लोहे के सरिये से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 3 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे फलोज गांव में हुई। प्रार्थी पुष्पा पत्नी प्रेमजी पटेल निवासी आसेला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके छोटे भाई गोपाल उर्फ पप्पू पटेल के पुराने मकान को गिराने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वह अपने भाई से बातचीत कर रही थीं। तभी बड़े भाई रतनलाल पाटीदार पुत्र हुका पाटीदार निवासी फलोज हाथ में लोहे का सरिया लेकर मौके पर पहुंचा और गोपाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल गोपाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। परिवादिया के अनुसार दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से ज़मीन को लेकर विवाद और रंजिश चली आ रही थी तथा पूर्व में भी हमले का प्रयास किया जा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में दोवड़ा थानाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपित की तलाश शुरू की।
सघन तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपित रतनलाल पाटीदार पुत्र हुका पाटीदार निवासी फलोज, थाना दोवड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

