जमीन के विवाद में भाई ने अपने बेटों के साथ मिलकर की भाई की हत्या
घटना के बाद आरोपित हुए फरार, गिरफ्तारी को पुलिस दे रही दबिश
मुरादाबाद, 14 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित हिमगिरी कॉलोनी में जमीन व पैतृक संपत्ति के विवाद में भाई ने अपने बेटों के साथ मिलकर अपने भाई की हत्या कर दी। बीच बचाव में आई मृतक की पत्नी और सास भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिमगिरी कॉलोनी में दो सगे भाई सुरेश और विजय अपने अपने परिवार के साथ रहते हैं। दोनों भाइयों की घर के पास एक जमीन है जिस पर खेती हो रही है, जिसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार की रात्रि 9 बजे के लगभग दोनों भाई खेत पर पहुंच गए और हिस्से बंटवारे को लेकर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान विजय के दोनों बेटे रंजीत और सुरजीत भी खेत पर पहुंच गए और उन्होंने बुरी तरह से सुरेश को मारना पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान सुरेश खून से लथपथ हो गया। झगड़े की सूचना पर सुरेश की पत्नी और सास भी खेत पर पहुंच गई तो विजय और उसके दोनों बेटों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें भी घायल कर दिया। इसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ सुरेश व उसकी पत्नी और सास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान सुरेश की मौत हो गई।
मामले में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सुरेश और विजय के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद हुआ था इसी को लेकर दोनों में झगड़ा बढा और मारपीट हो गई थी। इसी दौरान आरोपितों ने मृतक की सास और पत्नी के साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपित सुरेश को अधमरा स्थिति में छोड़कर वहाँ से फरार हो गये। सुरेश की अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

