भाई के धक्के से भाई की मौत, हत्यारा गिरफ्तार
नवादा, 08 नवंबर (हि.स.)।
जिले के पकरीबरावां में रविवार को आपसी विवाद सुलझाने के लिए गांव में हो रही पंचायती देखते ही देखते दर्दनाक घटना में बदल गयी। पकरीबरावां प्रखंड के बलियारी गांव में दो सगे भाइयों के बीच पंचायती के दौरान एक भाई पर दूसरे को धक्का देने का आरोप लगा है। धक्का लगने के बाद नंदलाल प्रजापति बेहोश होकर गिर पड़े।परिजन उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल नवादा ले गये, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मृतक की पत्नी गायत्री देवी ने पुलिस को दिये लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पति नंदलाल प्रजापति और उनके सगे भाई अनिल प्रजापति के बीच आपसी विवाद को लेकर पंचायती हो रही थी। इसी दौरान अनिल प्रजापति ने उनके पति को धक्का दे दिया। इससे वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा ले गये, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नंदलाल प्रजापति की मौत की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गये। गुस्साये लोगों ने आरोपी अनिल प्रजापति की पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच घटना की सूचना मिलने पर पकरीबरावां पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर अनिल प्रजापति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा गया था. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पंचायती के दौरान एक भाई द्वारा दूसरे भाई को धक्का देने का आरोप लगाया गया है. आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

