जीजा ने रिश्ते किए तार-तार, मामूली विवाद में तलवार से गोदकर साले की हत्या
बांसवाड़ा, 05 अगस्त (हि.स.)। बांसवाड़ा शहर के राजतालाब थाना क्षेत्र के मारुति नगर में रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक घटना सामने आई है जहां मामूली विवाद के चलते एक जीजा ने अपने ही साले पर तलवार से कातिलाना हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपित राजेश पुत्र गोरीलाल और मृतक अनिल पुत्र नरसिंह बंजारा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर आरोपित ने तलवार से अनिल के पेट पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। हमले में गंभीर रूप से घायल अनिल को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजतालाब थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। राज तालाब थानाधिकारी ने बताया कि मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही, हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपित की तलाश के लिए तेजी से दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

