रायपुर : साले की हत्या करने वाला जीजा गिरफ्तार
- आपसी घरेलू विवाद बना हत्या का कारण
रायपुर, 14 मई (हि.स.)। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जीजा ने अपने ही साले की चापड़ से मारकर हत्या कर दी। ससुराल में रहने के लिए ताना मारने से परेशान होकर उसने हत्या की इस घटना को अंजाम दिया, जिसे पुलिस ने आज गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गिरधर गोपाल के रूप में हुई है, जो कि ग्राम सरोरा उरला में अपने पिता और बहन के साथ रहता था। वहीं उसका जीजा प्रकाश साहू (39) भी पिछले तीन साल से उनके साथ रह रहा था। गिरधर अक्सर अपने जीजा प्रकाश को ससुराल में रहने के कारण ताना मारता था। रोज-रोज के ताने से प्रकाश इतना नाराज हो गया कि उसने अपने साले की हत्या की प्लानिंग कर ली। 13 मई को उसने रिंग रोड नंबर 2 के पास गिरधर पर चापड़ से हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि गिरधर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गिरधर के पिता ने इसकी शिकायत थाने में की। घटना की शिकायत के बाद एक्शन में आई पुलिस ने आरोपित प्रकाश साहू (39) के खिलाफ धारा 103(1) बी.एन.एस. 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित के हर छिपने की जगह पर दबीश देते हुए उसे पकड़ लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल होने वाले चापड़ को भी जब्त कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

